नई दिल्ली में छात्रों पर हुई कथित कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च कर धरना-प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पवन खेड़ा, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, दीपेंद्र हुड्डा और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए.

और पढ़ें

प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब मांगने के लिए उनके आवास तक मार्च कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने एक दिन पहले छात्रों के साथ बर्बरता की, लेकिन न तो इसकी जिम्मेदारी लेना चाहती है और न ही इस मुद्दे पर संसद में चर्चा कराना चाहती है.

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कहा, 'हम कल छात्रों के साथ हुई बर्बरता पर प्रधानमंत्री मोदी से जवाब मांगने उनके घर तक मार्च कर रहे हैं. सरकार न तो जवाबदेही तय करना चाहती है और न ही संसद में इस मुद्दे पर बहस कराना चाहती है. प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को देश के युवाओं का भविष्य बर्बाद करने के लिए इस्तीफा देना चाहिए.'

कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान छात्रों के साथ हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग की और सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाया. वहीं, सरकार की ओर से इस प्रदर्शन पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई.

कांग्रेस के मार्च और धरना प्रदर्शन के पल-पल के अपडेट यहां जानिए

शाम- 4.20-कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने प्रदर्शन के दौरान कहा, 'अगर सांसदों के साथ ऐसा व्यवहार हो रहा है, तो सोचिए छात्रों के साथ क्या हो रहा होगा.'

शाम 4.15 बजे- पीएम आवास के बाहर इस्तीफा दो-इस्तीफा दो के लग रहे नारे

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर कहा कि 'छात्रों पर हुई कार्रवाई के खिलाफ पार्टी सड़क पर उतरी है और प्रधानमंत्री, गृह मंत्री तथा शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग कर रही है. पोस्ट में कांग्रेस ने लिखा, "इस्तीफा दो... इस्तीफा दो. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ कांग्रेस सांसदों और नेताओं ने छात्रों पर की गई बर्बरता और जुल्म के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना ही होगा."

कांग्रेस का आरोप है कि छात्रों के साथ हुई कार्रवाई के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है और उसे इसकी जवाबदेही लेते हुए संबंधित मंत्रियों को इस्तीफा देना चाहिए।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने X पर पोस्ट में लिखा-

'कांग्रेस पार्टी छात्रों के हक और उनकी जायज़ मांगों के साथ है. हम प्रधानमंत्री निवास के बार धरने पर बैठे हैं. इस बुज़दिल तानाशाह सरकार को लाठीचार्ज और बल प्रयोग पर जवाब देना होगा. मोदी-शाह हमारे युवाओं के गुनहगार हैं, उनको इस्तीफ़ा देना पड़ेगा.'

शाम 4.07 बजे- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का भी वीडियो सामने आया है, जिसमें वह हाथ बांधकर दोनों हाथ ऊपर उठाए दिख रहे हैं.

शाम 4.02 बजे- प्रधानमंत्री आवास के पास से कांग्रेस के धरने का वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में सभी कांग्रेसी एक-दूसरे हाथ बांधते नजर आ रहे हैं.

शाम 4.00 बजे-लोक कल्याण मार्ग पर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. हिरासत में लिए जाने के बाद पंजाब कांग्रेस अभियान समिति के अध्यक्ष चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा, "यह बीजेपी का आतंकवाद है. ये छात्रों की बात नहीं सुनते..."

शाम- 3.50 बजे- सभी कांग्रेस नेता प्रधानमंत्री आवास के पास एक खुली जगह में इकट्ठा हो गए हैं. यहां सभी नारेबाजी कर रहे हैं.

शाम- 3.44 बजे- सभी कांग्रेस नेता प्रधानमंत्री आवास की ओर बढ़े. इस दौरान कई कांग्रेस सांसद नजर आए.
शाम 3.30 बजे- कांग्रेस ने अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास से मार्च निकाला. मार्च की अगुआई राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने की. 

---- समाप्त ----