प्रधानमंत्री आवास के बाहर छात्रों के समर्थन में चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया. इसके बाद पुलिस बस से उनका एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह मुस्कुराते हुए पुलिसकर्मियों से पूछते हैं, "कहां ले जा रहे हो पुलिस भाई?" हिरासत के बाद का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

और पढ़ें

NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च निकाला. राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई विपक्षी नेताओं ने भी धरने में हिस्सा लिया. इस प्रदर्शन में अखिलेश यादव भी शामिल होने पहुंचे थे. जैसे ही प्रदर्शन आगे बढ़ा, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई नेताओं को हिरासत में ले लिया.

'कहां ले जा रहे हो पुलिस भाई?'

हिरासत के बाद सामने आए वीडियो में अखिलेश यादव शांत नजर आते हैं. बस के अंदर बैठे हुए वह पुलिसकर्मियों से पूछते हैं, "कहां ले जा रहे हो पुलिस भाई?" इसके बाद वह बस से बाहर मौजूद लोगों का अभिवादन करते हुए हाथ भी हिलाते दिखाई देते हैं. उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है.

प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी भी पुलिस कार्रवाई का सामना करते नजर आए. पुलिस उन्हें प्रदर्शन स्थल से हटाकर अपने साथ ले गई. प्रियंका गांधी वाड्रा और मल्लिकार्जुन खड़गे को भी हिरासत में लिया गया. विपक्ष का आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे नेताओं को जबरन रोका गया. कांग्रेस का कहना है कि यह विरोध प्रदर्शन एक दिन पहले छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के खिलाफ था. पार्टी का आरोप है कि छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय उन पर बल प्रयोग किया गया. इसी मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री आवास तक मार्च का ऐलान किया गया था.

लखनऊ में भी सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

दिल्ली में अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने की खबर मिलते ही लखनऊ में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए. हजरतगंज चौराहे पर उन्होंने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की. कार्यकर्ताओं का कहना था कि विपक्षी नेताओं को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे कई सपा कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में ले लिया.

---- समाप्त ----