आज दुनिया भर में वर्ल्ड ब्रेन डे (World Brain Day) मनाया जा रहा है. इसे हर साल 22 जुलाई को मनाया जाता है जिसका मकसद लोगों में मस्तिष्क से जुड़ी बीमारियों और ब्रेन हेल्थ के प्रति जागरूकता बढ़ाना है.विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, 'द लैंसेट न्यूरोलॉजी' की एक नई अहम स्टडी से पता चलता है कि 2021 में दुनिया भर में 3 अरब से ज्यादा लोग किसी न किसी न्यूरोलॉजिकल बीमारी से जूझ रहे थे.
और पढ़ें
दिमाग हमारे शरीर का कंट्रोलर है जो याददाश्त, भावनाएं और उठने-बैठने जैसी सभी गतिविधियां नियंत्रित करता है लेकिन आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में खराब डाइट, तनाव और नींद की कमी की वजह से कई लोग कम उम्र में ही याद्दाश्त की कमजोरी से जूझने लगे हैं. ऐसे में पोषण, अच्छी नींद, तनाव से दूरी और सही खान-पान बेहद जरूरी है. इससे आप अपने दिमाग की सेहत को सुधार सकते हैं और अपनी याददाश्त को तेज बना सकते हैं.
हमारे मस्तिष्क को सही तरीके से काम करने के लिए ओमेगा-3 फैटी एसिड, एंटी-ऑक्सीडेंट्स और विटामिन्स की जरूरत होती है. यहां हम आपको कुछ ऐसे ही 5 सुपरफूड्स बता रहे हैं जिन्हें आपको अपनी डाइट में जरूर शामिल करना चाहिए.
दिमाग तेज करने वाले 5 सुपरफूड्स
अखरोट:
फायदे: अखरोट की बनावट खुद दिमाग जैसी होती है और यह मस्तिष्क के स्वास्थ्य के लिए रामबाण माना जाता है. इसमें प्रचुर मात्रा में ओमेगा-3 फैटी एसिड और डीएचए पाया जाता है, जो ब्रेन फंक्शन को बेहतर बनाता है और याददाश्त को मजबूत करता है.
ब्लूबेरी और बेरीज:
फायदे: बेरीज में भरपूर मात्रा में फ्लेवोनॉयड्स और एंटी-ऑक्सीडेंट्स होते हैं. यह दिमाग की कोशिकाओं को डैमेज होने से बचाते हैं, ऑक्सीडेटिव तनाव को कम करते हैं और उम्र के साथ कमजोर होने वाली मेमोरी को शार्प रखने में मदद करते हैं.
हरी पत्तेदार सब्जियां
पालक, मेथी और ब्रोकली जैसी हरी सब्जियों में विटामिन-के, ल्यूटिन, फोलेट और बीटा-कैरोटीन जैसे पोषक तत्व भरपूर होते हैं. ये तत्व दिमाग के न्यूरॉन्स को सक्रिय रखते हैं और मानसिक गिरावट की गति को धीमा करते हैं.
कद्दू के बीज
कद्दू के बीज में जिंक, मैग्नीशियम, कॉपर और आयरन जैसे शक्तिशाली मिनरल्स होते हैं. जिंक तंत्रिका संकेतों को बेहतर बनाता है और मैग्नीशियम सीखने व याद रखने की क्षमता को बढ़ाता है.
डार्क चॉकलेट
कम से कम 70% कोको वाली डार्क चॉकलेट में फ्लेवोनॉयड्स, कैफीन और एंटी-ऑक्सीडेंट्स होते हैं. यह दिमाग में रक्त संचार को बढ़ाती है जिससे फोकस और मूड दोनों में तुरंत सुधार होता है.
---- समाप्त ----