नीट पेपर में गड़बड़ियों के खिलाफ हुए प्रदर्शन सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं रहे. सोमवार को मुंबई में भी प्रदर्शन हुए, जिनमें कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थन में लोग सड़कों पर उतरे. प्रदर्शन के दौरान एक्टिविस्ट और राजनीतिक कार्यकर्ता फहाद अहमद को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. स्वरा भास्कर ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर पति को लेकर नाराजगी जताई है.

और पढ़ें

हिरासत में स्वरा के पति
स्वरा भास्कर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि मुंबई पुलिस प्रदर्शन के दौरान फहाद का कॉलर पकड़ उन्हें पुुलिस वैन में लेती जा रही है. क्लिप में फहाद पुलिस वालों से पूछते सुनाई देते हैं कि आप मुझे क्यों गिरफ्तार कर रहे हैं? बताया जा रहा है कि ये वीडियो लगभग शाम 4:30 बजे रिकॉर्ड हुआ था.

वीडियो शेयर करते हुए स्वरा ने कहा कि फहाद और कई अन्य प्रदर्शनकारियों को माहिम थाने में रोका गया है. उन्होंने कैप्शन में लिखा, मुंबई पुलिस फहाद और अन्य प्रदर्शनकारियों को 20 जुलाई 2026 को शाम 4.30 बजे चैत्यभूमि में हिरासत में ले रही है. इन्हें माहिम थाने में रोका गया है. यही है भारत का लोकतंत्र. शर्मनाक हालात.

सोशल मीडिया पर फहाद का ये वीडियो वायरल हो रहा है. फैन्स उनके सपोर्ट में पुलिस से उन्हें रिहा करने की डिमांड कर रहे हैं. 

एक और वीडियो में फहाद को पुलिस वाहन के अंदर बैठे देखा जा सकता है, जिसमें वो मौके की स्थिति बयां कर रहे हैं. स्वरा ने वो वीडियो भी शेयर करते हुए लिखा, मुझे ये वीडियो 20 जुलाई को शाम 4:30 पर @fahadzirarahmad से मिला. उन्होंने मुझे पोस्ट करने को कहा. मुंबई पुलिस चैत्यभूमि में शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर हमला कर रही है. जो लोग समर्थन में आना चाहते हैं, कृपया शांतिपूर्वक और बड़ी संख्या में चैत्यभूमि पहुंचे.

---- समाप्त ----