प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पुलिस जबरन उठाकर ले गई है. पुलिस ने विरोध प्रदर्शन कर रहे दूसरे नेताओं प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ-साथ SP प्रमुख अखिलेश यादव को ज़बरदस्ती हटाया और हिरासत में ले लिया.

और पढ़ें

राहुल गांधी ने कर्नाटक और केरल के मुख्यमंत्रियों समेत कांग्रेस के अन्य नेताओं के साथ मिलकर दोपहर करीब 3:30 बजे विरोध प्रदर्शन शुरू किया. यह प्रदर्शन एक दिन पहले प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में था.

जब पुलिस ने प्रदर्शन स्थल पर कार्रवाई की, तो लोकसभा में विपक्ष के नेता ज़मीन पर लेटे हुए और विरोध करते हुए दिखे, जबकि सुरक्षाकर्मी उन्हें उठाने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान उन्हें चोट भी लगी.

जमीन पर लेटे राहुल गांधी ने पत्रकारों से बात की. उन्होंने कहा कि Democracy in India is happening right now.

उनके एक सहयोगी ने बताया कि उन्हें आंख के नीचे चोट लगी है. राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अखिलेश यादव को अलग अलग बस में बैठाकर दिल्ली पुलिस ले गई है. राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस मॉडल टाउन पुलिस थाने ले जाया गया है. प्रियंका गांधी को मंदिर मार्ग थाने ले जाया गया है.

वहां काफ़ी गहमागहमी वाला माहौल था; प्रियंका गांधी पुलिस बस के दरवाज़े से लटकी हुई दिखीं, जबकि बस चल पड़ी थी.

प्रियंका गांधी ने आजतक से बात करते हुए चुनौती भरे शब्दों में कहा कि पीएम को छात्रों की जायज मांगों को सुनना चाहिए. हिम्मत हैं तो सामने आएं, इनकी समस्याएं सुलझाएं.

वहीं मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर लिखा है कि तानाशाह सरकार डर कर कांप रही है. पहले शिक्षा व्यवस्था को बरबाद किया, करोड़ों बच्चों का भविष्य बिगाड़ा, 150 से ज़्यादा पेपर लीक करवाए, 25 बच्चों की जान चली गई, जब छात्र न्याय मांगने सड़कों पर उतरे, तो उनपर लाठीचार्ज किया, डंडे बरसाए. संसद के गेट बंद करवाकर, सांसदों को क़ैद किया, डिबेट के लिए साझा विपक्ष की बात नहीं मानी, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त नहीं किया, मोदी जी छात्रों पर अत्याचार पर मौन रहे, गृह मंत्री जिनका दिल्ली पुलिस पर नियंत्रण है, हमारी मांग करने के बावजूद उनका कोई बयान नहीं आया. अब जब कांग्रेस और विपक्ष के सांसद प्रधानमंत्री निवास के आगे धरना दे रहे हैं तो हमारे सांसदों को घसीट-घसीट कर ले गए हैं.  नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बलपूर्वक ले जाया गया है.

कांग्रेस शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े और संसद में NEET के मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रही है. वे प्रदर्शनकारी छात्रों को न्याय दिलाने की भी मांग कर रहे हैं.

इससे पहले दिल्ली पुलिस पीएम आवास के सामने प्रदर्शन कर रहे दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बसों में भरकर ले गई. इन्हें दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया है.

---- समाप्त ----