दरभंगा के यूनिवर्सिटी थाना इलाके के एक निजी गर्ल्स हॉस्टल से बंद कमरे से छात्रा का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गई. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़ शव को फंदे से उतारा और तत्काल शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच अस्पताल भेजा. इससे पहले पुलिस ने मौके पर फोरेंसिंक टीम को भी बुलाया और सभी प्रकार के साक्ष्य मौके से जुटाए.

और पढ़ें

मृतिका की पहचान निधि कुमारी की रूप में की गई है और दरभंगा के ललित नारायण मिथिला यूनिवर्सिटी के PG की छात्रा थी. निधि कुमारी बगल के एक निजी गर्ल्स हॉस्टल में रह कर अपनी पढ़ाई कर रही थी. बताया जाता है कि कमरे के अंदर निधि का शव एक दुपट्टे से पंखे के फंदे पर लटका था. निधि के कान में हेडफोन लगे थे और सामने मोबाइल भी था. ऐसी आशंका व्यक्त की जा रही है कि निधि आत्महत्या करने से पहले या आत्महत्या के समय किसी से बात कर रही थी.

जांच में जुटी पुलिस
शायद उसी व्यक्ति ने डायल 112 को घटना की सूचना दी. इसके बाद यूनिवर्सिटी थाना को इसकी जानकारी मिली और तत्काल यूनिवर्सिटी थाना के SHO सुधीर कुमार खुद दल बल के साथ मौके पर पहुंचे व कमरे को तोड़ छात्रा का शव निकाला. पुलिस भी फिलहाल पहली नजर में इस घटना को आत्महत्या मान रही है. हालांकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है.

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. मृतिका के फोन को भी जब्त कर लिया गया है. फोन कॉल डिटेल के जांच के बाद ही कुछ तथ्य और सबूत पुलिस को मिलने की संभावना है. विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. क्योंकि शव बंद कमरे में मिला है. पुलिस ने कमरे को तोड़ शव को बरामद किया है. मृतक छात्रा की पहचान कर ली गई है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----